डिंडौरी, रामसहाय मर्दन। मध्यप्रदेश शासन ने नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत सोमवार को कई नगर पालिका अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश के अनुसार डिंडौरी जिले की शहपुरा नगर परिषद में सुश्री रीना राठौर को नई मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) के रूप में पदस्थ किया गया है।
बता दें कि सुश्री राठौर इससे पहले नगर परिषद भैंसदेही, जिला बैतूल में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर कार्यरत थीं। मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त उच्च प्राथमिकता वाले प्रकरणों के अंतर्गत यह तबादला स्थानांतरण नीति-2025 की कंडिका 9.7 के तहत किया गया है।
दरअसल नगरीय विकास एवं आवास विभाग, भोपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राज्य भर में अन्य कई अधिकारियों का भी तबादला किया गया है —
दिनेश श्रीवास्तव को नगर परिषद वामौर (मुरैना) से नगर परिषद रौन (भिण्ड) भेजा गया है।
वीरेन्द्र तिवारी को संयुक्त संचालक कार्यालय नर्मदापुरम से नगर पालिका परिषद मुलताई (बैतूल) पदस्थ किया गया है।
राजेन्द्र कुमार खरे को नगर पालिका परिषद शहडोल से नगर परिषद हटा (दमोह) भेजा गया है।
शशि कपूर गढ़पाले को नगर निगम रतलाम से नगर परिषद अमानगंज (पन्ना) स्थानांतरित किया गया है।
राहुल कुमार कौरव को नगर परिषद बडकुड़ी (छिंदवाड़ा) से नगर पालिका परिषद बीना (सागर) भेजा गया है।
विभाग ने संबंधित जिला कलेक्टरों और अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।



