गैलरी में रिसाव सुधार का मौके पर निरीक्षण, खरीफ सीजन में धान रोपाई के लिए जल वितरण पर जोर
साईडलुक, जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने शनिवार को नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बरगी बांध में पेयजल एवं सिंचाई के लिए जल उपलब्धता की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने बांध के वर्तमान जलस्तर, पिछले वर्ष की समान अवधि के जलस्तर तथा खरीफ सीजन में धान रोपाई एवं पेयजल आपूर्ति के लिए उपलब्ध जल की स्थिति का विस्तृत आकलन करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बरगी बांध की दायीं एवं बायीं तट नहरों की कार्यप्रणाली, जल वितरण व्यवस्था तथा बांध की गैलरी में पूर्व में हुए रिसाव की स्थिति की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि गैलरी में हुए रिसाव का सफलतापूर्वक सुधार कर लिया गया है। इसके बाद कलेक्टर सिंह ने स्वयं गैलरी का निरीक्षण कर मौके पर वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया तथा जल वितरण प्रणाली के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए।
उन्होंने बरगी बांध के कैचमेंट क्षेत्र में हो रही वर्षा, बांध में जल आवक तथा आगामी दिनों में संभावित जल उपलब्धता की भी समीक्षा की और अधिकारियों को पेयजल एवं सिंचाई की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सतर्कता एवं समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम अभिषेक सिंह और बरगी बांध से जुड़े अधिकारी मौजूद थे।

