कबाड़ हटाने के दौरान हुआ हादसा, शेड और दीवार एक साथ गिरने से नहीं मिल पाया बचने का मौका, पुलिस ने की पंचनामा कार्रवाई
साईडलुक, जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र की टेलिग्राफ फैक्ट्री में बुधवार को शेड और दीवार एक साथ ढह गई। इस हादसे में वहां काम कर रहे दो मजदूरों की मलबे में दबने से मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार फैक्ट्री परिसर के अंदर पुराने शेड को तोड़कर कबाड़ हटाया जा रहा था। शेड के साथ लगी दीवार पहले से ही जर्जर थी। मजदूर शेड के नीचे से लोहे का सामान निकाल रहे थे, तभी अचानक शेड का बड़ा हिस्सा और उसके साथ दीवार भरभराकर नीचे आ गिरी। अचानक हुए इस हादसे में मजदूरों को भागने का मौका ही नहीं मिला और दोनों मलबे के नीचे दब गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने का प्रयास किया, लेकिन शेड में लोहे के एंगल और दीवार का भारी मलबा होने के कारण दोनों को बचाया नहीं जा सका। बताया जा रहा है कि घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने पूरे मामले पर पर्दा डालने की कोशिश करते हुए मुख्य गेट बंद करा दिए।
सूचना पर मदन महल पुलिस मौके पर पहुंची और शेड व दीवार के मलबे से दोनों मजदूरों के शव बाहर निकलवाए। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है कि शेड गिरने की असली वजह क्या थी और बिना सुरक्षा इंतजाम के मजदूरों को काम पर क्यों लगाया गया था। ठेकेदार की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

