युवा गायकों को मिलेगा बड़ा मंच, जूनियर और सीनियर वर्ग में 10 हजार तक के पुरस्कार, आवेदन की अंतिम तिथि 4 सितंबर, सुरप्रभा संगीत महाविद्यालय बनेगा आयोजन स्थल
साईडलुक, जबलपुर। स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर की स्मृति में मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग के तहत उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी द्वारा हर साल आयोजित की जाने वाली संभागीय सुगम संगीत प्रतियोगिता की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। इस वर्ष 2026-27 की यह प्रतियोगिता 6 से 15 सितंबर 2026 तक प्रदेश के सभी संभागों में आयोजित की जाएगी। जबलपुर संभाग की प्रतियोगिता 6 सितंबर को सुरप्रभा संगीत महाविद्यालय जबलपुर में होगी।
अकादमी के निदेशक प्रकाश सिंह ठाकुर ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की युवा संगीत प्रतिभाओं को एक बड़ा और गरिमामय मंच प्रदान करना है। लता जी के गाए सुगम संगीत की परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना इस आयोजन का मूल भाव है। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी आवेदन पत्र और नियमावली अकादमी की आधिकारिक वेबसाइट kalaacademymp.com से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित महाविद्यालय और अकादमी कार्यालय से भी शासकीय कार्य दिवसों में फॉर्म प्राप्त किए जा सकते हैं।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 4 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अकादमी के समन्वयक जितेंद्र सिंह तोमर जिनका मोबाइल नंबर 7987460235 है और पीयूष शांडिल्य जिनका नंबर 9039836032 है, से संपर्क किया जा सकता है।
अकादमी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर दो आयु वर्ग बनाए गए हैं। दोनों ही वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 10 हजार, 5 हजार और 3 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। संभाग स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को आगे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। अकादमी ने यह भी स्पष्ट किया है कि अपरिहार्य परिस्थितियों में गतिविधि को निरस्त करने का अधिकार अकादमी के पास सुरक्षित रहेगा और प्रतियोगिता से संबंधित किसी भी प्रकार का वाद-विवाद मान्य नहीं होगा।

