कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मारा छापा, बेक स्प्रिंकलर और चीज के सैंपल लेकर भोपाल लैब भेजे, आस्था से खिलवाड़ पर हंगामा
साईडलुक, जबलपुर। शहर में मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के सख्त निर्देशों के बाद शुरू हुए अभियान के तहत मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम मजिस्ट्रेट और नगर निगम की टीम के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने रसल चौक स्थित डोमिनोज पिज्जा रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां एक ऐसी गड़बड़ी सामने आई जो लोगों की धार्मिक भावनाओं और स्वास्थ्य दोनों से जुड़ी हुई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि निरीक्षण के समय रेस्टोरेंट के स्टोर मैनेजर मौजूद थे। टीम ने किचन, स्टोर रूम और खाद्य लाइसेंस की जांच की। किचन में बेकिंग के लिए दो अलग-अलग खंड बने हुए थे, जिन पर साफ तौर पर एक पर वेज और दूसरे पर नॉनवेज लिखा हुआ था, लेकिन मौके पर टीम ने देखा कि नॉनवेज के लिए तय ओवन में वेज पिज्जा बेक किया जा रहा था। यह सीधे तौर पर खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है और शाकाहारी उपभोक्ताओं की आस्था के साथ खिलवाड़ है।
अधिकारी ने बताया कि इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए तत्काल पंचनामा तैयार किया गया। साथ ही मौके से बेक स्प्रिंकलर और चीज के नमूने संग्रहित किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी बड़े ब्रांड या छोटे ठेले को खाद्य सुरक्षा के नियमों से समझौता करने की इजाजत नहीं दी जाएगी और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

