कलेक्टर के निर्देश पर मिलावट के खिलाफ अभियान तेज, ग्रीन सिटी और अधारताल में भी लिए घी, चना और मिर्च पाउडर के सैंपल, सभी छह नमूने भोपाल लैब भेजे
साईडलुक, जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर जिले में मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों के विक्रय पर रोक लगाने के लिए चलाया जा रहा अभियान सोमवार को भी जारी रहा। जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के कई बड़े स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया और घी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को धन्वंतरि नगर स्थित ब्लिंकिट स्टोर का निरीक्षण किया गया। यहां टीम ने गोवर्धन ब्रांड के घी का नमूना लिया और लगभग 12 हजार रुपये कीमत का गोवर्धन घी जब्त किया है। जब्त घी को नियमानुसार सील कर सुरक्षित रखा गया है।
इसी अभियान के तहत टीम ने ग्रीन सिटी स्थित राहुल सेल्स से पारस घी का नमूना लिया। इसके अलावा अधारताल स्थित विशाल मेगा मार्ट में भी जांच की गई। वहां से प्योर बेस्ट और नमस्ते इंडिया ब्रांड के घी के नमूने लिए गए। साथ ही गुणवत्ता पर संदेह होने पर ब्राउन चना और मिर्च पाउडर के नमूने भी संग्रहित किए गए। इस तरह कुल छह नमूने टीम ने एक दिन में लिए हैं।
अधिकारी ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है। लैब से रिपोर्ट आने के बाद यदि नमूने अमानक या मिलावटी पाए जाते हैं तो संबंधित विक्रेताओं और स्टोर संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि त्योहारी सीजन को देखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

