मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत रांझी में हुई कार्रवाई, 5 लीटर के मानक जार से कराया सत्यापन, 24 अगस्त को सत्यापन करने वाले नाप-तौल निरीक्षक सचिन कुमार सोनी को कारण बताओ नोटिस
साईडलुक, जबलपुर। जबलपुर में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत प्रशासन ने पेट्रोल पंपों पर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। रांझी के पनेहरा स्थित अमीर एंड संस पेट्रोल पंप पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान पेट्रोल-डीजल की डिस्पेंसिंग मशीनों में गड़बड़ी मिलने पर तीन नोजलों को तत्काल सील कर दिया गया।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने निरीक्षण के दौरान पेट्रोल-डीजल की डिस्पेंसिंग मशीनों के कट-ऑफ सिस्टम, शून्य रीसेट प्रक्रिया और डिलीवरी दर का मौके पर ही सत्यापन कराया। उन्होंने अपने सामने 5 लीटर के मानक मापक जार में ईंधन भरवाकर मशीन की रीडिंग और डिलीवर हुई मात्रा की नाप-तौल कराई। साथ ही पेट्रोल-डीजल की शुद्धता की जांच भी करवाई गई। जांच के दौरान इस पेट्रोल पंप के तीन नोजलों से पेट्रोल की मात्रा कम पाई गई। कम मात्रा मिलने पर कलेक्टर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तीनों नोजलों को तत्काल सील करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए तीनों नोजलों को हाल ही में 24 अगस्त को सत्यापित करने वाले नाप-तौल निरीक्षक सचिन कुमार सोनी को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर तीनों नोजलों को सील भी कर दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पेट्रोल पंप में उपलब्ध स्टॉक रजिस्टर, दैनिक बिक्री रिकॉर्ड तथा नाप-तौल के दस्तावेजों की भी गहन जांच की। उन्होंने पंप संचालकों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराएं और सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें। प्रशासन का कहना है कि जन-विश्वास अभियान के तहत शहर के सभी पेट्रोल पंपों पर इसी तरह की जांच जारी रहेगी ताकि जनता को पूरा तेल और शुद्ध ईंधन मिल सके।

