कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने केंट विधानसभा भ्रमण के दौरान पकड़ी गड़बड़ी, नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार और एडिशनल एसपी डॉ आयुष जाखड़ रहे मौजूद, डिप्टी कलेक्टर रघुवीर सिंह मरावी की टीम ने देर शाम तक चली जांच के बाद की कार्रवाई
साईडलुक, जबलपुर। जबलपुर में नियमों को ताक पर रखकर खोले गए फूड आउटलेट पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। रांझी में पनेहरा पेट्रोल पम्प अमीर एंड संस परिसर में खोले गए डोमिनोज आउटलेट को प्रशासनिक अधिकारियों ने सील कर दिया है। इस आउटलेट को बिना फायर एनओसी प्राप्त किए ही पेट्रोल पम्प परिसर में संचालित किया जा रहा था जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता था।
जानकारी के मुताबिक कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ आयुष जाखड़ के साथ शनिवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत केंट विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण किया था। भ्रमण के दौरान दोपहर बाद वे पनेहरा स्थित अमीर एंड संस पेट्रोल पम्प के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पेट्रोल पम्प परिसर में चल रहे डोमिनोज के आउटलेट पर पड़ी। पेट्रोल पम्प जैसे संवेदनशील स्थान पर बिना सुरक्षा मानकों के फूड सेंटर चलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को डोमिनोज आउटलेट की सभी तरह की अनुज्ञप्तियों और अनुमतियों की तत्काल जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पम्प पर किसी बड़े अग्नि हादसे की आशंका को देखते हुए फायर एनओसी सबसे जरूरी है और इसकी अनदेखी नहीं की जा सकती।
कलेक्टर के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर रघुवीर सिंह मरावी के नेतृत्व में अधिकारियों के दल ने शनिवार को देर शाम तक डोमिनोज आउटलेट के दस्तावेजों की गहन पड़ताल की। जांच के दौरान सबसे जरूरी फायर एनओसी दस्तावेज मौके पर नहीं पाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए डोमिनोज आउटलेट को सील कर दिया। प्रशासन ने साफ कहा है कि जन विश्वास अभियान के तहत शहर में बिना अनुमति और बिना फायर सेफ्टी के चल रहे सभी प्रतिष्ठानों पर ऐसी ही कार्रवाई जारी रहेगी।

