सीएमएचओ डॉ नवीन कोठारी ने जारी किया आदेश, सामान्य बेड, आईसीयू, आईसीसीयू और वेंटिलेटर बेड की जानकारी मेल पर भेजनी होगी, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर आम लोगों को मिलेगी अपडेट
साईडलुक, जबलपुर। जिले में लगातार बढ़ रही मौसमी बीमारियों की चुनौती से निपटने और आम लोगों को अस्पतालों में भटकने से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ा फैसला लिया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नवीन कोठारी ने जिले के सभी शासकीय और निजी अस्पतालों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने यहां उपलब्ध बेड की जानकारी प्रतिदिन सीएमएचओ ऑफिस की मेल आईडी पर उपलब्ध कराएं।
सीएमएचओ डॉ नवीन कोठारी ने जारी आदेश में कहा है कि सभी अस्पतालों को उनके यहां उपलब्ध सामान्य बेड, आईसीयू बेड, आईसीसीयू बेड और वेंटिलेटर बेड की संख्या रोजाना बतानी होगी। इससे स्वास्थ्य विभाग के पास शहर के सभी अस्पतालों में खाली बेड की वास्तविक स्थिति की जानकारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर मरीजों को तुरंत दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया जा सकेगा।
सीएमएचओ कार्यालय के मुताबिक जैसे ही सरकारी और निजी अस्पतालों से बेड की जानकारी प्राप्त होगी वैसे ही उसे सीएमएचओ ऑफिस के फेसबुक पेज और इंस्टाग्राम आईडी आईईसी ब्यूरो सीएमएचओ जबलपुर तथा विक्टोरिया हॉस्पिटल के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इससे सामान्य जनमानस को घर बैठे पता चल सकेगा कि शहर के किस अस्पताल में सामान्य बेड और आईसीसीयू बेड खाली है और उन्हें इलाज के लिए कहां जाना है।
कार्यालय ने यह भी बताया कि सीएमएचओ ऑफिस के फेसबुक पेज और इंस्टाग्राम आईडी आईईसी ब्यूरो सीएमएचओ जबलपुर पर आयुष्मान कार्ड के हितग्राहियों से संबंधित, बिल पेमेंट से संबंधित और इलाज से संबंधित शिकायतें भी नागरिकों द्वारा की जा सकती हैं। इन शिकायतों पर सीएमएचओ कार्यालय द्वारा तुरंत कार्रवाई की जाएगी ताकि आयुष्मान योजना के तहत इलाज करा रहे मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

