एसडीएम के नेतृत्व में पुलिस, आबकारी, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के अधिकारी करेंगे कार्रवाई, रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपने के निर्देश
साईडलुक, जबलपुर। जिले में नशामुक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और स्कूल-कॉलेजों एवं औद्योगिक इकाइयों के आसपास शराब, पान, गुटखा और तम्बाकू की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के लिए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर अनुविभागवार दलों का गठन किया गया है। ये दल अपने-अपने क्षेत्र में कार्रवाई कर प्रतिवेदन कलेक्टर कार्यालय को प्रस्तुत करेंगे।
अनुविभागीय दंडाधिकारियों के नेतृत्व में गठित इन दलों में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, तहसीलदार, थाना प्रभारी, स्वास्थ्य अधिकारी, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर, जनपद पंचायत के सीईओ, नगर निगम के संभागीय अधिकारी, आबकारी निरीक्षक, औषधि निरीक्षक, श्रम निरीक्षक एवं शिक्षा विभाग के विकासखंड स्त्रोत समन्वयक को शामिल किया गया है।
दल अपने-अपने क्षेत्र में स्कूल, कॉलेज, औद्योगिक इकाइयों एवं संस्थानों के आसपास संचालित पान, गुटखा, तम्बाकू और शराब की दुकानों को हटाने की कार्यवाही करेंगे। जारी आदेश में सभी दलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन कलेक्टर कार्यालय को प्रस्तुत करें।
प्रशासन का कहना है कि युवाओं को नशे की लत से बचाने और शैक्षणिक व औद्योगिक वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

