मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा ने किया उद्घाटन, 628 करोड़ के दावों का हुआ समझौता
साईडलुक, जबलपुर। मध्यप्रदेश में आज शनिवार वर्ष 2026 की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया, जिसमें 1,67,631 मामले निपटाए गए। मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा ने आॅनलाइन माध्यम से इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल और न्यायमूर्ति विवेक जैन भी मौजूद रहे।
1618 पीठों ने किया मामलों का निपटारा
राज्य भर में कुल 1618 पीठों का गठन किया गया, जिनमें से 8 उच्च न्यायालय और 1610 जिला एवं तहसील न्यायालयों में कार्यरत रहीं। इन पीठों ने रिट याचिकाएं, सिविल रिवीजन, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, वैवाहिक विवाद, चेक बाउंस मामले, श्रमिक विवाद, बैंक ऋण वसूली और विद्युत बिल विवाद जैसे मामलों का निपटारा किया।
628 करोड़ के दावों का हुआ समझौता
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, 1,25,353 प्री-लिटिगेशन प्रकरण और 42,278 लंबित प्रकरणों का सौहार्दपूर्ण निपटारा किया गया। इन मामलों में समझौते के माध्यम से लगभग 628 करोड़ रुपये के दावों का समाधान हुआ।
सफल आयोजन के पीछे सबकी भागीदारी
इस आयोजन की सफलता में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, मध्यस्थों, बैंक एवं बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों और सरकारी विभागों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन अर्चना सिंह, रजिस्ट्रार, उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति जबलपुर ने किया और आभार प्रदर्शन अतिरिक्त सचिव, म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, अरविन्द श्रीवास्तव ने किया।
#नेशनललोकअदालत #मध्यप्रदेश #न्यायपालिका #वैकल्पिकविवादपरिसमाधान #सुलह #समझौता

