खेरमाई, दीनदयाल उपाध्याय और चितरंजन वार्ड के केंद्रों में निकली रिक्तियां, एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर करें अप्लाई
साईडलुक, जबलपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना शहरी क्रमांक-चार जबलपुर के अंतर्गत तीन आंगनवाड़ी केंद्रों में सहायिका के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए पात्र महिला आवेदकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक आवेदक 15 जुलाई तक एमपी ऑनलाइन द्वारा तैयार चयन पोर्टल http://chayan.mponline.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगी।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार खेरमाई वार्ड स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-30, दीनदयाल उपाध्याय वार्ड अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-94 एवं चितरंजन वार्ड के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-89 में आंगनवाड़ी सहायिका के पद रिक्त हैं। इन पदों की पूर्ति के लिए केवल महिला अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकती हैं। रिक्त पदों की पूर्ति हेतु आवश्यक योग्यताओं एवं अहर्ताओं की जानकारी तथा नियम एवं शर्तें भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे और अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इच्छुक महिलाएं समय रहते पोर्टल पर जाकर पूरी जानकारी प्राप्त कर आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकती हैं।

