सीएम हेल्पलाइन में फर्जी और दूसरे के नाम से शिकायत करने वाले युवक पर कार्रवाई के लिए एसडीएम ने थाना प्रभारी को पत्र लिखा है।
Dindori News सीएम हेल्पलाइन में अनावश्यक और फर्जी शिकायत करने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसडीएम ने कोतवाली प्रभारी को पत्र जारी कर निर्देशित किया है। एसडीएम रामबाबू देवांगन द्वारा कार्रवाई के लिए भेजे गए पत्र में पुरानी डिंडौरी निवासी युवक पिंटू गौतम के मोबाइल नंबर सहित उसके द्वारा एक ही नंबर से की गई अलग अलग 14 शिकायतों का विवरण दिया गया है। एसडीएम ने बताया कि जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 11 मंडला स्टैंड निवासी पिंटू गौतम द्वारा एक ही मोबाईल नंबर से लगातार शिकायत कर प्रशासन को परेशान किया जा रहा है। बताया गया कि पिंटू गौतम द्वारा सुनील कुमार सिंह का नाम गरीबी रेखा में नाम जोडने से संबंधित शिकायत अपने मोबाइल से दर्ज कराई गई थी, जबकि सुनील कुमार जांच के बाद अपात्र पाए गए थे।

