साईडलुक, जबलपुर। आजादी के इस महापर्व पर देश की आन-बान-शान के प्रतीक राष्ट्रध्वज तिरंगा के सम्मान में देश भर में हर घर तिरंगा हर घर स्वच्छता’ ‘स्वतंत्रता का उत्सव स्वच्छता के संग’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य देशवासियों को देशभक्ति की भावना से जोडना, अपने घर एवं आस-पास के वातावरण को स्वच्छ रखना और उन्हें देश की आजादी के महत्व के बारे में जागरूक करना है।
मध्य प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के आदेशानुसार इस वर्ष 15 अगस्त को हम अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहे है। अभियान की मूल भावना है कि लोग अपने राष्ट्र ध्वज तिरंगे के प्रति गर्व महसूस करें और अपने घरों पर तिरंगा फहराएं। सेनानी सिद्धार्थ चौधरी के मार्गदर्शन में सोमवार को 6वीं वाहिनी विसबल जबलपुर के द्वारा तिरंगे की आन-बान-शान की थीम विशेष तिरंगा यात्रा रैली निकाली गई इस दौरान अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा देशभक्ति गानों एवं हाथों में तिरंगा झंडा एवं फ्लेक्स के साथ तिरंगा यात्रा रैली रांझी के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस वाहिनी के परेड ग्राउण्ड पर संपन्न हुई।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों द्वारा सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाऐं दी गई एवं स्वतंत्रता दिवस के दौरान चलाये जा रहे अभियान के तहत सभी को राष्ट्रीय पर्व में सहभागिता व मां भारती के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के संकल्प की अभिव्यक्ति के साथ अपने घर पर तिरंगा लगाने, अपने क्षेत्र को स्वच्छ बनाने और अन्य लोगों को भी प्रेरित कर इस महाअभियान से जोड़ने का आह्वान किया गया। उक्त तिरंगा रैली में बटालियन के समस्त वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी एवं नव आरक्षक प्रशिक्षणार्थी शामिल हुए।

