जबलपुर। राज्य शासन के किसान कल्याण तथा कृषि विभाग के निर्देशानुसार जबलपुर जिले के कृषि अधिकारियों का दल शैक्षणिक भ्रमण हेतु शुक्रवार की शाम पश्चिम बंगाल रवाना हुआ। संयुक्त संचालक कृषि के ऐस नेताम के नेतृत्व में रवाना हुये इस दल में आत्मा परियोजना संचालक डाॅ. एसके निगम, उप संचालक कृषि रवि आम्रवंशी, अनुविभागी कृषि अधिकारी पाटन डाॅ. इंदिरा त्रिपाठी, अनुविभागीय कृषि अधिकारी सिहोरा मनीषा पटेल, सहायक संचालक कृषि कीर्ति वर्मा, अरुणिमा सेन, स्वाति राय और पूनम पाण्डे हैं।
शैक्षणिक भ्रमण दल पश्चिम बंगाल राज्य के एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी रिसर्च इंस्टीट्यूट कोलकाता, आईसीएआर के सेंट्रल इंस्टिट्यूट ऑफ जूट एंड एलाइड फाइबर, सेंट्रल फिशरीज रिसर्च सेंटर बैरकपुर एवं कल्याणी एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी कोलकाता का भ्रमण कर उन्नत कृषि तकनीकी का अध्ययन करेगा।
भ्रमण दल अंडमान एवं निकोबार के सेंट्रल आइसलैंड एग्रीकल्चर इंस्टीट्यूट एवं लैबोरेट्री भी जायेगा तथा तमिलनाडु राज्य के सेंट्रल इंस्टीट्यूट आफ एक्वेरियम एवं ऑल इंडिया का-ऑर्डिनेट रिसर्च प्रोजेक्ट आन पिग का भी अवलोकन करेगा। यहां पर वाइएसआर हार्टीकल्चर यूनिवर्सिटी एवं वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी में जाकर कृषि एवं कृषि से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त करेगा। भ्रमण दल अन्य राज्यों में होने वाली उन्नत कृषि गतिविधियों का अध्ययन करेगा तथा जबलपुर जिले के परिवेश में इन्हें लागू कर किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास करेगा।