कलेक्टर ने शनिवार को उचित मूल्य की दुकान कारोपानी का निरीक्षण किया…
डिंडौरी| कलेक्टर विकास मिश्रा ने शनिवार को उचित मूल्य की दुकान कारोपानी का निरीक्षण किया। सेल्समैन अलका मरावी ने बताया कि उचित मूल्य की दुकान में सर्वर नही चलने के कारण राशन का वितरण नही हो रहा है । उन्होंने इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया है। उचित मूल्य की दुकान में खाद्यान्न उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त राशन उपलब्ध है, लेकिन सर्वर नही होने के कारण राशन का वितरण नही हो पा रहा है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने राशन वितरण के बारे में खाद्यान्न उपभोक्ताओं से भी चर्चा की। राशन लेने पहुँची वृद्ध महिला आशा बाई ने बताया कि उसे विगत दो महीने से राशन नही मिला है। जिससे वह बहुत परेशान है। राशन के लिए रोजाना उचित मूल्य की दुकान आ रही है लेकिन सर्वर नही चलने के कारण राशन नही मिल रहा है। उसने बताया कि उसके परिवार में कोई भी कमाने वाला नही है। वे वृद्ध पति और पत्नि रहते है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने आशाबाई की समस्या को सुना और इसके परिवार के लिए राशन उपलब्ध कराने के लिए अपना पर्स निकाला। उन्होंने पटवारी कटारे को 5 सौ रुपये दिए और वृद्ध आशाबाई के परिवार के लिए किराना दुकान से राशन खरीद कर उनके घर मे पहुँचावा दिया। कलेक्टर ने इस प्रकार से आशाबाई के परिवार के लिए भोजन का प्रबंध करा दिया। श्रीमति आशाबाई ने की गई मदद के लिए कलेक्टर श्री विकास मिश्रा को धन्यवाद दिया है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने उचित मूल्य की दुकानों से नियमित रूप से राशन वितरण करने के निर्देश दिए है। उन्होंने राशन वितरण के लिए सर्वर को दुरुस्त करने को कहा है। जिससे खाद्यान्न उपभोक्ताओं को प्रतिमाह राशन उपलब्ध होता रहे।