डिंडौरी राठौर रामसहाय मर्दन। थाना कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी गया पिकअप वाहन बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फरियादी गगनदास राजपाल, निवासी पुरानी डिंडौरी ने दिनांक 22 जून 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका पिकअप वाहन (क्रमांक MP 52 GA 0159), जो कि 21 जून की शाम 6:45 बजे सब्जी मंडी के पास खड़ा किया गया था, अगली सुबह 8:15 बजे चोरी हो गया।
थाना कोतवाली डिंडौरी ने इस मामले में अपराध क्रमांक 414/25, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह, एएसपी अमित वर्मा एवं एसडीओपी विवेक गौतम के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी विश्लेषण और सक्रिय मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान लालू उर्फ राजपाल मिश्रा (उम्र 47 वर्ष), निवासी ग्राम सिमरिया, थाना चुरहट, जिला सीधी (वर्तमान पता – वार्ड क्रमांक 13, पुरानी डिंडौरी) के रूप में की। पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी करना स्वीकारते हुए बताया कि उसने आर्थिक तंगी के कारण वाहन चुराकर प्रमोद गुप्ता के गल्ला गोदाम के पास छिपा दिया था और उसे बेचने की फिराक में था।
पुलिस की सतर्कता से वाहन को सुरक्षित बरामद कर लिया गया और आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे, सउनि मनमोहन सिंह, सउनि प्रवीण खम्परिया, प्र.आर. रोहित पटेल, भूपेन्द्र यादव, विनोद महोर, नीलेश साहू, हेमंत झारिया एवं मुकेश प्रधान की सराहनीय भूमिका रही। डिंडौरी पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।



