डिंडौरी, रामसहाय मर्दन। जिले में जबलपुर-अमरकंटक मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बता दें कि यह हादसा गाड़ासरई थाना क्षेत्र के ग्राम बिझौरी के पास हुआ, जब एक बाइक और मालवाहक ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक बाईक पर सवार तीन लोगों में से चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक और एक युवती घायल हुए हैं। वहीं, मालवाहक ऑटो चालक की भी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। एसडीओपी सतीश द्विवेदी ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय डिंडौरी भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डिंडौरी जिला चिकित्सालय में पदस्थ डॉ. शुभम परोहा ने बताया कि दो लोगों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। घायलों में एक युवक और एक युवती शामिल हैं, जिनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं, उपचार जारी है। वहीं मृतकों की पहचान सुफल पड़ना (23 वर्ष, निवासी पिंडरुखी) और अरविंद परस्ते (22 वर्ष, निवासी बिलाईखार) के रूप में हुई है। घायलों के नाम प्रियंका और सतीश बताए जा रहे हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

