डिण्डौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| जिला पंचायत डिण्डौरी द्वारा जारी आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत छांटा, जनपद पंचायत समनापुर के सचिव ज्ञान सिंह ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। ज्ञान ठाकुर विगत 10 दिनों से अपने कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए, जिसकी पुष्टि सार्थक पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति डाटा के आधार पर की गई है।
जनपद कार्यालय के कई प्रयासों के बावजूद ठाकुर से संपर्क नहीं हो सका और उनका मोबाइल फोन लगातार बंद पाया गया। इस लापरवाही से ग्राम पंचायत छांटा में शासकीय कार्य प्रभावित हुआ है, साथ ही शिकायतों की संख्या में भी वृद्धि हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अप्रैल 2025 में ग्राम पंचायत छांटा में 19 शिकायतें लंबित थीं, जो जिले में सबसे अधिक हैं। पूर्व में उन्हें “कारण बताओ सूचना पत्र” भी जारी किया गया था, परन्तु उसका कोई उत्तर नहीं दिया गया।
मध्यप्रदेश पंचायत सेवा नियम 2011 के नियम 7 के तहत यह कृत्य अनुशासनहीनता एवं कदाचरण की श्रेणी में आते हुए, श्री ठाकुर को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत समनापुर निर्धारित किया गया है तथा उन्हें शासन नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।



