समय से वेतन भुगतान एवं अन्य मांगों के चलते पंचायत सचिवों की हड़ताल…..
डिंडौरी(रामसहाय मर्दन)| जनपद क्षेत्र के सभी पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक अपनी मांगों के चलते विगत 3 दिनों से सामूहिक हड़ताल में बैठे हैं। पंचायत सचिव और रोजगार सहायकों के हड़ताल के चलते डिंडौरी जनपद के सभी ग्राम पंचायतों के कार्य ठप्प पड़े हुये हैं। सचिव संघ के ब्लॉक राजेंद्र मसराम ने बताया कि हमारी मांगे है कि पंचायत सचिव और रोजगार सहायकों को समय से वेतन दिया जाये, एरियर्स की राशि का भुगतान किया जाये एवं ग्राम पंचायत पाकर बघर्रा का रोजगार सहायक डिंडौरी जनपद पंचायत कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद मे कार्यरत हैं, उसे तत्काल हटा कर उसके मूल पदस्थापना में भेजा जाये। पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायकों के हड़ताल में जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अंजू व्योहार, जिला पंचायत सदस्य हीरा देवी परस्ते, ग्राम पंचायत कूड़ा सरपंच वैभव कृष्णा परस्ते आदि के द्वारा प्रदर्शन स्थल मे पहुँच कर समर्थन दिया गया। इस दौरान सचिव संघ के जिलाध्यक्ष मदन सिंह धुर्वे सहित सुशील चंदेल, उमाकांत धूमकेती, मिलन सिंह धुर्वे, यशवंत दाहिया राजाराम साहू सहित पंचायत सचिव और रोजगार सहायक शामिल रहे।


