जबलपुर। एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड की केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के तत्वावधान में रामपुर स्थित पाण्डुताल मैदान में आयोजित ग्रीष्मकालीन फुटबाल प्रशिक्षण शिविर में छह से सोलह वर्ष के 70 खिलाड़ी सुबह और शाम सघन प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खिलाड़ियों को केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के फुटबाल प्रभारी व राष्ट्रीय खिलाड़ी पवन पटेल, क्रिस्टोफर नरोन्हा, राजेश कुमार सिंह, कुलदीप बहादुर, एएम बहादुर, प्रशिक्षण दे रहे हैं। केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के सचिव खेल एके अलंग व सचिव कार्यालय आलोक श्रीवास्तव ने फुटबाल शिविर का निरीक्षण कर प्रशिक्षणार्थियों का उत्साह बढ़ाया। शिविर में प्रशिक्षक नवोदित खिलाड़ियों को फुटबाल की बारीकियों के साथ फिजीकल फिटनेस के संबंध में सैद्धांतिक व व्यावहारिक तथ्यों की महत्वपूर्ण जानकारी दे रहे हैं। उन्हें यहां नियमित प्रशिक्षण के साथ अभ्यास मैच खेलने का मौका मिल रहा है। नवोदित फुटबाल खिलाड़ियों का कहना है कि प्रतिस्पर्धा के लिए इस प्रकार के मैच उनका आत्मविश्वास बढ़ा रहे हैं।

