साईडलुक, जबलपुर। स्वच्छता ही सेवा 2024 स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता अभियान के समापन 2 अक्टूबर को स्वच्छ दिवस के रूप में मनाया गया। स्वच्छता का जिला स्तरीय कार्यक्रम जनपद पंचायत शहपुरा के ग्राम पंचायत खुलरी में आयोजित किया गया।
जिसमें सर्व प्रथम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं मां नर्मदा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर द्वीप प्रज्जवल के साथ कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। जिसके पश्चात अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वालो को प्रसस्ति पत्र प्रदान किया गया। जन अभियान परिषद, आजीविका मिशन की दीदीयां, ग्राम पंचायत के सचिव, रोजगार सहायक, स्वच्छाग्राही, उपयंत्री, सरपंच एवं जिले तथा जनपद पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी को अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने के लिये सम्मानित किया गया।
प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने अभियान के दौरान जिले में किये गये कार्यों का संक्षिप्त विवरण दिया एवं आगामी कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी। तत्पश्चात उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलायी गयी। कार्यक्रम के दौरान श्रमदान कर प्लास्टिक को जम्बो बैग में एकत्रित किया गया तथा रैली निकालकर स्वच्छता संबंधी नारे लगाये।
इस दौरान नर्मदा तट को ग्राम पंचायत मनकेडी जनपद पंचायत जबलपुर से खुलरी ग्राम पंचायत जनपद पंचायत शहपुरा तक जितने भी नर्मदा किनारे पर्यटन स्थल एवं घाट को प्लास्टिक मुक्त बनाने का अभियान प्रारंभ किया गया। आगामी दिसंबर तक सभी घाटो को प्लास्टिक मुक्त करने का विशेष प्रयास जिला, जनपद एवं ग्राम पंचायत द्वारा किया जावेगा। अंत में आभार प्रदर्शन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत शहपुरा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत शहपुरा एवं जबलपुर के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, उपयंत्री, स्वच्छाग्राही, जन अभियान परिषद के सदस्य, आजीविका मिशन की दीदीयां एवं अध्यक्ष जनपद पंचायत शहपुरा एवं सदस्य उपस्थित रहे।

