डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| जिले की कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने विकासखंड करंजिया के विभिन्न शैक्षणिक, स्वास्थ्य और पंचायत संस्थाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की स्थिति, शिक्षकों की जिम्मेदारी और स्वच्छता के मानकों पर विशेष ध्यान दिया।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान सीएम राइज स्कूल मोहतरा में छात्रों को जमीन पर बैठते देख नाराजगी जताते हुए प्रधानाचार्य को तत्काल फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही भवन में दरार देखकर निर्माण गुणवत्ता की जांच कर तीन दिनों में रिपोर्ट देने के आदेश ग्रामीण यांत्रिकी विभाग को दिए, ताकि निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई की जा सके। विद्यालयों में बच्चों से पाठ्यक्रम संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिससे बच्चों की पढ़ने की क्षमता, पठन शैली और अध्यापन सामग्री की स्थिति का अवलोकन किया गया। कुछ स्कूलों के प्रदर्शन से संतुष्टि जताई गई, तो कुछ में सुधार की आवश्यकता बताई गई। शिक्षकों को निर्देश दिए गए कि वे समय पर उपस्थित होकर बच्चों को सक्रिय रूप से पढ़ने के लिए प्रेरित करें।
मध्यान्ह भोजन में सफाई, गुणवत्ता व मीनू अनुरूप भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई तय की गई और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोरखपुर में दवा भंडारण व रोगियों की संख्या की जानकारी ली गई। सर्पदंश व अन्य बीमारियों का समय पर इलाज सुनिश्चित करने को कहा गया। किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए। ग्राम पंचायत कार्यालय मानिकपुर में सचिव से निर्माणाधीन कार्यों की जानकारी ली गई। शिकायत पंजी, विद्युत-पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के साथ कार्यालय की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई गई। जनपद सीईओ को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने और लापरवाह सचिव के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। खम्हार खुदरा आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों से शैक्षणिक स्तर पर चर्चा की गई। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को बच्चों की पढ़ाई और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
सरस्वती स्व-सहायता समूह द्वारा निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन व नाश्ता न देने पर समूह को नोटिस जारी कर जांच उपरांत समूह को हटाने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान वन मंडल अधिकारी नीत सोनकर, एसडीएम करंजिया, जनपद सीईओ, तहसीलदार, उपसंचालक कृषि सुश्री अभिलाषा चौरसिया, जिला शिक्षा अधिकारी राघवेन्द्र मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



