डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। जिले में शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर बीते दिनों उपजे विवाद और मांगों के बीच जनजातीय कार्य विभाग डिंडौरी ने संशोधित स्थानांतरण आदेश जारी कर दिए हैं। यह आदेश क्रमांक 805, दिनांक 18 जुलाई 2025 को कार्यालय कलेक्टर (जनजातीय कार्य विभाग) डिंडौरी द्वारा जारी किया गया।
इस संशोधित आदेश के तहत कुल 34 शिक्षकों—जिनमें प्राथमिक, माध्यमिक, सहायक शिक्षक और उच्च माध्यमिक शिक्षक शामिल हैं—का तबादला किया गया है। इन्हें डिंडौरी, मेहंदवानी, समनापुर और अमरपुर विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में पदस्थ किया गया है। सभी शिक्षकों को नवीन संस्थाओं में तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षक संगठन ने पत्र लिखकर किया था संशोधन की मांग…
शासकीय शिक्षक संगठन ने हाल ही में युक्तिकरण आदेश में सुधार, विशेष रूप से पति-पत्नी समायोजन और गंभीर बीमारी से ग्रसित शिक्षकों को राहत देने की मांग को लेकर कलेक्टर नेहा मारव्या को पत्र सौंपा था। मांगों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने राजेन्द्र जाटव (सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग) के माध्यम से प्रस्तावों की समीक्षा करवाई और आवश्यकतानुसार संशोधन के निर्देश दिए।
पहली संशोधित सूची जारी…
संशोधन की पहली सूची के रूप में 34 शिक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। इनमें एक उदाहरण के तौर पर अय्यूब अली, जिन्हें प्राथमिक शाला कुडहर टोला (विकासखंड डिंडोरी) से स्थानांतरित कर प्राथमिक शाला कोंदाटोला (विकासखंड करंजिया) में पति-पत्नी समायोजन अंतर्गत पदस्थ किया गया है।


संगठन और शिक्षकों ने जताई प्रसन्नता…
इस आदेश के बाद शिक्षकों और शासकीय शिक्षक संगठन में खुशी और संतोष का माहौल है। संगठन ने कलेक्टर नेहा मारव्या और सहायक आयुक्त राजेन्द्र जाटव के प्रति आभार जताया है। साथ ही, उन्होंने मीडिया का भी आभार प्रकट किया, जिसने शिक्षकों की आवाज़ को प्रशासन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



