शहपुरा के जमुना होटल में जांच के दौरान 35 किलो खराब मिठाई जब्त, होटल संचालक को नोटिस..
डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| जिले के शहपुरा स्थित जमुना होटल की लापरवाही सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। दरअसल, 15 जून को एक ग्राहक को दिए गए डोसे के साथ परोसी गई नारियल की चटनी में मरी हुई छिपकली मिली, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने एसडीएम शहपुरा को जांच के निर्देश दिए। 16 जून को एसडीएम के मार्गदर्शन में शिकायतकर्ता की उपस्थिति में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमति प्रभा तेकाम और सहायक आपूर्ति अधिकारी जयंत असराटी द्वारा होटल का निरीक्षण किया गया।

जांच में होटल के खाद्य निर्माण स्थल पर भारी गंदगी, गंदे बर्तन, और फर्श की गंदगी पाई गई। निरीक्षण के दौरान फ्रीजर में रखे 20 किलोग्राम खोवा, 12 किलोग्राम छेना और 3 किलोग्राम कलाकंद (कुल अनुमानित कीमत ₹18,000) खराब अवस्था में पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा, नारियल की चटनी, चना दाल, और लाल मिर्च पाउडर के सैंपल लेकर जांच हेतु राज्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। होटल संचालक दिनेश अग्रवाल को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



