जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा बैठक में कलेक्टर सख्त, समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश…
डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। जिला पंचायत सभाकक्ष में मंगलवार को जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने की। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, सीईओ जिला पंचायत अनिल कुमार राठौर, आरईएस के कार्यपालन यंत्री दीपक आर्मो, मनरेगा परियोजना अधिकारी प्रदीप शुक्ला, आशीष गुप्ता सहित समस्त जनपदों के सीईओ, सहायक यंत्री, उपयंत्री, लेखाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने बताया कि जिले को किसानों के खेतों में 2171 खेत तालाब निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके विरुद्ध 2321 कार्य स्वीकृत किए गए हैं और 2200 कार्य निर्माणाधीन हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित प्रारूप व समय-सीमा में पूर्ण हों तथा मजदूरी एवं सामग्री का मूल्यांकन कर एफटीओ समय पर जारी किए जाएं। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिले को 1500 कुओं में रिचार्ज संरचना निर्माण का लक्ष्य मिला है, जिस पर कार्य प्रगति पर है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि समस्त रिचार्ज संरचनाएं गुणवत्ता अनुसार पूर्ण हों, जिससे जल स्तर में सुधार हो सके।

जिले में 187 सार्वजनिक तालाबों का निर्माण भी किया जा रहा है। कलेक्टर ने सहायक यंत्रियों और उपयंत्रियों को निर्देश दिए कि सभी तालाबों में बंड निर्माण, पिचिंग और वेस्टवेयर का निर्माण प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य बरसात से पूर्व पूर्ण कर लिए जाएं ताकि वर्षा जल का संग्रहण सुनिश्चित किया जा सके। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए।



