बजाग जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सुनपुरी का मामला…
डिंडौरी,रामसहाय मर्दन| जिले में भ्रष्टाचार रुकने का नाम नहीं ले रहा है, यहां आए दिन कुछ न कुछ भ्रष्टाचार के मामले समाचार पत्र में सुर्खियां बटोर रहे है। चाहे जिले का कोई भी विभाग हो सभी विभागों में भ्रष्टाचार का खेल चल रहा है और इन पर अंकुस लगा पाना जिला प्रशासन को टेड़ी खीर साबित हो रहा है। अब आलम यह है कि कार्रवाई के नाम से सिर्फ खानापूर्ति कर कागजों में ही कार्रवाई सिमट जा रही है।
दरअसल कि ऐसा ही मामला विगत दिनों बजाग जनपद के ग्राम पंचायत सुनपुरी सामने आया था जहां ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों द्वारा बिना कार्य कराए ही नाला विस्तारीकरण के नाम से 09 लाख 23 हजार रुपए की राशि आहरण कर ली गई और मौके पर कार्य ही नहीं हुआ हैं।
ये रहा पूरा मामला…
बता दें कि जिले के बजाग जनपद के ग्राम पंचायत सुनपुरी में जनवरी 2024 में नाला विस्तारीकरण का कार्य लमसा नाले में दर्शाया गया है, जिसमें 09 लाख 23 हजार रुपए की राशि मास्टर रोल के माध्यम से निकाली गई जबकि स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि उस नाले मे न तो कोई कार्य किया गया और न ही नाले का जीर्णोद्धार किया गया तो सवाल उठाता है कि आखिर यह राशि कहां गई।
वहीं उक्त मामले को लेकर साईड लुक समाचार पत्र ने प्रमुखता से उठाई थी जिसके बाद मामले की जांच के लिए जनपद स्तर पर दो सदस्यीय जांच टीम बनाई गई थी लेकिन समाचार प्रकाशन और जांच टीम गठित हुई 15 दिनों से ऊपर हो गए लेकिन अभी तक जांच टीम ने अपने रिपोर्ट नहीं सौंपी गई है।
इनका कहना है”
मामले की जांच चल रही है। ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों को दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है एक सप्ताह में जांच पूरी कर ली जाएगी ।
प्रियंका मरावी, एसडीओ
जनपद पंचायत बजाग जिला डिंडौरी।



