नागरिकों को मिलेंगी बेहतर और सुगम पुलिस सेवाएं, गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं, समय पर पूरा हो निर्माण, राघवेंद्र सिंह और संपत उपाध्याय ने दिए सख्त निर्देश
साईडलुक, जबलपुर। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने आज तिलवारा स्थित नव निर्मित थाना भवन का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति और भवन में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित निर्माण एजेंसी और विभागीय अधिकारियों को भवन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही शेष बचे कार्यों को समयबद्ध रूप से और तय मानकों के अनुसार जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिए कहा गया।
अधिकारियों ने कहा कि नए थाना भवन का उद्देश्य केवल एक इमारत बनाना नहीं है बल्कि थाना परिसर में आने वाले आम नागरिकों को बेहतर, सुगम और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने महिला डेस्क, स्वागत कक्ष, मालखाना, रिकॉर्ड रूम और पुलिस कर्मियों के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए।
इस नए थाना भवन के शुरू होने से तिलवारा क्षेत्र में पुलिस की कार्यक्षमता में बढ़ोतरी होगी और स्थानीय लोगों को शिकायत दर्ज कराने और अन्य पुलिस सहायता प्राप्त करने में आसानी होगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और पुलिस विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


