डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। राज्य सरकार की ‘सर्व शिक्षा’ को साकार करती योजनाओं की कड़ी में करंजिया ब्लॉक के एकीकृत माध्यमिक विद्यालय, जोगीग्वारा में नि:शुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल के अंतर्गत छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा देने के उद्देश्य से साइकिलें प्रदान की गईं।
साइकिल वितरण कार्यक्रम कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग राजेन्द्र सिंह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी आर.के. पांडे, तथा बीआरसी अजय राय के नेतृत्व में किया गया। इनके संयुक्त प्रयासों से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में बावली सरपंच हेमलता मरावी, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष पुरुषोत्तम पवाडिया एवं प्रधानाध्यापक रामकुमार गर्ग की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और इसे एक सामूहिक उत्सव का स्वरूप दिया।
यह योजना खासतौर पर दूर-दराज़ की छात्राओं के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है। पूर्व में पाठ्यपुस्तक व गणवेश की सुविधा मिलने के बाद अब साइकिल वितरण से शिक्षा की पहुँच और भी आसान हो गई है। इससे ‘हर घर, हर बच्चा स्कूल’ का सपना और मजबूत होता दिख रहा है।



