जनपद पंचायत समनापुर के ग्राम पंचायत बम्हनी का मामला….
डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| ग्रामीण अंचलों में सरकार के द्वारा विभिन्न योजना से विकास कार्य तो कराए जा रहे हैं, लेकिन जनपद पंचायत के अधिकारियों के द्वारा समय पर निरीक्षण नही करने के चलते कई कार्य भृष्टाचार की भेंट चढ़ जाते है।
ऐसा ही मामला जनपद पंचायत समनापुर से 15 किमी दूर ग्राम पंचायत बम्हनी का सामने आया है,जहां सरपंच सचिव के द्वारा मापदंड के विपरीत घटिया सामग्री से सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। मामले की जानकारी लगने बाद उपयंत्री मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उपयंत्री के निरीक्षण में कई खामियां मिली,उसके बाद उपयंत्री ने सरपंच सचिव को जमकर फटकार लगाई है। वहीं मापदंड के विपरीत कराने पर काम पर फिलहाल रोक लगा दिया गया है।
ये रहा पूरा मामला…
दरअसल जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बम्हनी में ग्राम पंचायत के द्वारा पांचवा राज्य वित्त आयोग से 5 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड का निर्माण मुख्यमार्ग से यादव मोहल्ला मोहन के घर तक कराया जा रहा है। जिसके निर्माण में ग्राम पंचायत सरपंच रतिराम और सचिव गेंद सिंह के द्वारा भारी अनियमितताएं बरती जा रही है।सड़क निर्माण में सीमेंट के स्थान पर अधिक मात्रा में डस्ट युक्त गिट्टी मिलाई जा रही है, जिससे सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवालिया निशान उठ रहे है।
सीसी सड़क में मानक विहीन घटिया सामग्री का कर रहे उपयोग….
बता दें कि निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के मामले में ग्राम पंचायत बम्हनी सरपंच सचिव पहले भी खबरों में सुर्खियां बटोर चुके है, लेकिन इनके विरुद्ध जनपद पंचायत के जिम्मेदारों के द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते इनके हौसले आज भी बुलंद है। एक बार फिर 05 लाख रु. की लागत से बन रही सीसी सड़क में मानकविहीन घटिया सामग्री से निर्माण करा लाखो रु का बंदरबांट करने के फिराक में हैं।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम में हो रही सीसी सड़क में सरपंच, सचिव की मिलीभगत से घटिया तरीके से निर्माण किया जा रहा है। उक्त सड़क में डस्ट ,धुल युक्त गिट्टी का भरपूर उपयोग के साथ रेत कम व दिखावे के लिये सीमेंट का उपयोग किया जा रहा है,वहीं बेस में 40 एमएम गिट्टी जगह डस्ट वाली गिट्टी डाला जा रहा है, साथ ही बिना प्लास्टिक बिछाए ही सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।
इनका कहना है,,
सीसी सड़क की जांच के लिए मौके पर गया था,सीसी सड़क निर्माण में गड़बड़ी मिलने पर सरपंच और सचिव को फटकार लगाया हूं। फिलहाल काम बंद करा दिया गया है। जो सड़क पहले से बन गया है,उस सड़क के ऊपर एक लेयर और बनाने के लिए निर्देशित किया हूँ।
युगलकिशोर वंशपाल, उपयंत्री, जपं.समनापुर



