डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनजर कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने नगर के विभिन्न जलभराव और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने मस्जिद मोहल्ला, जिला चिकित्सालय परिसर, वहां स्थित विद्युत सबस्टेशन, नर्मदा पुलघाट, शंकर घाट, ईमलीकुटी घाट, नर्मदा डेम घाट, नर्मदागंज और वार्ड क्रमांक 9 के घरों में जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मस्जिद मोहल्ला के पार्षद रजनीश राय ने कलेक्टर को बताया कि क्षेत्र में नाले के ओवरफ्लो के कारण कई घरों में बारिश का पानी घुस गया, जिससे राशन और कपड़ों को नुकसान हुआ। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम डिंडौरी को जांच कर राहत सामग्री और सहायता राशि जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार, जिला चिकित्सालय परिसर में विद्युत सबस्टेशन के पास बने नाले में जलभराव की समस्या पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने नगरपालिका सीएमओ अमित तिवारी को निर्देशित किया कि नाले में लगे पाइपों को हटाकर उसकी चौड़ाई बढ़ाई जाए ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके।बनर्मदागंज वार्ड क्रमांक 9 में भी नाले का पानी घरों में घुसने से खाद्य सामग्री का नुकसान हुआ। यहां भी कलेक्टर ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस निरीक्षण में एसडीएम सुश्री भारती मेरावी, तहसीलदार रामप्रसाद मार्को, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, उपाध्यक्ष श्रीमती सारिका नायक, पार्षद रीतेश जैन, रजनीश राय, रूपाली जैन, स्मृति वर्मन, शत्रुधन पारासर, रम्मू वैश्य, डॉ. अजयराज (सिविल सर्जन) सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



