डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने शुक्रवार को जनपद पंचायत समनापुर के ग्राम बम्हनी, दुधेरा और सालीवाड़ा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कपिल धारा कूप, खेत तालाब और तालाब निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की गई।
ग्राम बम्हनी में हितग्राही सफी खान के कूप निर्माण में मापदंडों से कम गहराई पाई गई, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए। वहीं, वनवासी मोहल्ला में नल की उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा करते हुए नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
ग्राम दुधेरा में कन्टूर टेंच निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर आरईएस विभाग को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, ग्राम पंचायत बम्हनी में 15वें वित्त आयोग की योजना से निर्मित खुली नाली को लेकर भी कलेक्टर ने चिंता जताई और तीन दिवस में नाली ढंकने के निर्देश दिए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की चेतावनी दी। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोपरि है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



