डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष असगर सिद्दीकी के द्वारा जिला प्रशासन को भेजे गए एक पत्र में मनरेगा योजना के अंतर्गत कार्यरत मेटों के लिए अलग से मेट मस्टर जनरेट करने की मांग की गई है। पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में कई निर्माण कार्यों की डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) में मेटों का प्रावधान नहीं किया गया है, जिससे कार्य प्रबंधन में कठिनाई उत्पन्न हो रही है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि हितग्राहीमूलक कार्यों को छोड़कर सभी सामुदायिक निर्माण कार्यों की डीपीआर में मेट का प्रावधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। साथ ही, यह सुझाव दिया गया है कि प्रत्येक 40 मजदूरों पर एक मेट की तैनाती की जाए और मजदूरों के मस्टर से अलग मेट का मस्टर जनरेट किया जाए, जिससे योजना की पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके। यह पत्र कलेक्टर महोदय, जिला पंचायत सीईओ और जनपद पंचायत के सीईओ को संबोधित किया गया है, जिसमें अमरपुर, शहपुरा, मेहंदवानी, समनापुर, करंजिया, बाजाग एवं डिंडोरी ब्लॉकों के कार्यों को शामिल किया गया है।



