डिंडौरी। शासकीय शिक्षक संगठन के जिला अध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने कलेक्टर को पत्र लिखकर शिक्षा विभाग के ऐजूकेशन पोर्टल पर शिक्षकों की जानकारी जैसे नियुक्ति तिथि, सेवा कार्यभार, शैक्षणिक योग्यता, पदस्थ संस्था आदि की समस्त जानकारी अपडेट करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने शालावार व विषयवार रिक्त पदों की जानकारी अपडेट कर अतिशेष शिक्षकों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से रिक्त पदों पर पदस्थ करने की कार्यवाही की मांग की है।
राम कुमार गर्ग ने आयुक्त, लोक शिक्षण संचालनालय एवं आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग भोपाल द्वारा जारी पत्रों की प्रति संलग्न कर कलेक्टर से अनुरोध किया है कि नियमानुसार जिले में रिक्त पदों पर ऑनलाइन माध्यम से अतिशेष शिक्षकों की युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए, जिससे शिक्षकों की क्षमता का बेहतर उपयोग हो सके और शालाओं में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित किया जा सके।



