डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। अब कक्षा पहली से बारहवीं तक की सभी शासकीय, अशासकीय और सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगा।
विगत दिनों शासकीय शिक्षक संगठन ने गर्मी के प्रकोप को ध्यान में रखते हुए डिंडौरी कलेक्टर नेहा मारव्या सिंह को पत्र लिखकर स्कूलों का समय बदलने की मांग की थी। इस पर संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा केंद्र (सर्व शिक्षा अभियान) कार्यालय से आदेश जारी किया गया है।
नए आदेश के तहत 1 अप्रैल 2025 से आगामी आदेश तक यह समय प्रभावी रहेगा। दोपहर 12:00 बजे के बाद किसी भी स्थिति में कक्षाएँ संचालित नहीं की जाएंगी। हालांकि, मूल्यांकन कार्य पूर्व निर्धारित समयानुसार ही संपन्न किए जाएंगे।इस बदलाव से विद्यार्थियों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।



