साईडलुक, जबलपुर। महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर आज बुधवार 2 अक्टूबर को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय महाकोशल महाविद्यालय में मौलश्री के 11 पौधों का रोपण किया गया।
राज्य शासन की मंशानुसार स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम तथा मद्य निषेध सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में स्वामी विवेकानन्द करियर मार्गदर्शन योजना के संभागीय नोडल अधिकारी प्रो. अरुण शुक्ल ने बताया कि महाविद्यालय के विद्यावान उद्यान में रोपित किये गए मौलश्री के पौधे भंवरताल गार्डन स्थित ओशो संबोधिवृक्ष के बीजों से तैयार किए गए है।
इन पौधों के स्थापित हो जाने से ओशो संबोधिवृक्ष का जीन फूल कंजरविजन किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि प्रकृति के संरक्षण एवं जीवन रक्षा के लिए पौधारोपण करना आवश्यक है। उल्लेखनीय है कि ओशो महाकौशल महाविद्यालय में प्रोफेसर थे। विश्व प्रसिद्ध ओशो चेयर आज भी देश-विदेश में उनके भक्तों के लिए आकर्षण का केन्द्र है।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. एसी तिवारी द्वारा महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों को नशा से मुक्त रहने की शपथ ग्रहण दिलाई गई। कार्यक्रम में एनएसएस शाखा, एनसीसी के विद्यार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

