डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। मध्यप्रदेश शासन के जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह 26 अप्रैल को डिंडौरी जिले के वनग्राम सिमरधा का दौरा करेंगे। उनके साथ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और जनजातीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव गुलशन बामरा भी मौजूद रहेंगे।
इस दौरान जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समुदाय के अधिकारों, श्रमिकों के हितों की सुरक्षा, पारंपरिक अधिकारों की रक्षा (पैसा एक्ट), तथा वनग्रामों में वन अधिकार पट्टों की मान्यता से जुड़ी मानक संचालन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। दोपहर 2 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में वन अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गठित टास्क फोर्स की उपसमिति की बैठक होगी, जिसमें मंत्री शाह सहित अन्य अधिकारी भाग लेंगे। बैठक में अधिनियम की प्रगति की समीक्षा और आगे की रणनीतियों पर विचार किया जाएगा। शाम 4 बजे डॉ. शाह डिंडौरी से बांधवगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे।



