डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। डिजिटल क्रॉप सर्वे में कार्यरत लोकल यूथ (सर्वेयर) ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा कर अपनी मांगों को लेकर गुहार लगाई है। ज्ञापन कलेक्टर डिंडौरी के माध्यम से सौंपा गया।
लोकल यूथ महासंघ (म.प्र.) द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि मध्यप्रदेश शासन के आदेश क्रमांक MPLRS/DCS/KH-2024/189 के तहत जुलाई 2024 में प्रत्येक ग्राम के पटवारी हलकों में डिजिटल क्रॉप सर्वे (खरीफ, रबी, जायद) हेतु एमपी भू-अभिलेख पोर्टल के माध्यम से इनकी नियुक्ति की गई थी।
सर्वेयरों ने खरीफ 2024, रबी 2025, जायद 2025, फार्मर आईडी व आरबीओआर केवाईसी जैसे कार्यों को गंभीर परिस्थितियों के बावजूद पूरी ईमानदारी से समय-सीमा में पूर्ण किया। इसके बावजूद उन्हें केवल इन्सेंटिव के आधार पर भुगतान मिलता है जिससे उनके लिए पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना कठिन हो गया है।
लोकल यूथ सर्वेयरों की प्रमुख मांगें:
1. लोकल यूथ को स्थायी रोजगार व मासिक मानदेय दिया जाए।
2. प्रत्येक लोकल यूथ को नियुक्ति पत्र जारी किया जाए।
3. लोकल यूथ को राजस्व सहायक का दर्जा दिया जाए।
4. हर सीजन में नई नियुक्ति की जगह, पूर्व से कार्यरत युवाओं को ही निरंतर रूप से अवसर दिया जाए और बिना ठोस कारण या नोटिस के नहीं हटाया जाए।



