राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई, हत्या का प्रयास और चाकूबाजी जैसे संगीन मामले हैं दर्ज
साईडलुक, जबलपुर। जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने शहर में अपराध पर लगाम कसने के लिए चार कुख्यात आदतन अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई की है। राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत इन चारों को हर माह निर्धारित तारीखों पर अपने-अपने थाना क्षेत्र में अनिवार्य रूप से हाजिरी लगाने के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर यह सख्त कदम उठाया गया है।
जारी आदेश के अनुसार आधारताल थाना क्षेत्र के जगदंबा कॉलोनी महाराजपुर निवासी 19 वर्षीय लकी गोटिया और गोरखपुर थाना क्षेत्र की हाथीताल कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय कबीर यादव को आगामी चार माह तक प्रत्येक माह की 15 और 25 तारीख को संबंधित थाने में उपस्थित होकर हाजिरी दर्ज करानी होगी।
वहीं गोहलपुर थाना क्षेत्र के मोतीनाला पुल के पास बंधैया मोहल्ला निवासी 34 वर्षीय गगन यादव और कटंगी थाना क्षेत्र के ईदगाह मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय अरबाज मंसूरी को तीन माह तक हर महीने की 25 तारीख को संबंधित थाने में हाजिरी लगानी पड़ेगी।
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक इन चारों अपराधियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है। इन पर मारपीट, गाली गलौच, लूटपाट, अवैध हथियार रखने, चाकूबाजी, हत्या का प्रयास, घर में घुसकर तोड़फोड़, जान से मारने की धमकी, बलवा करने और जुआँ-सट्टा खेलने जैसे संगीन अपराध के कई मामले दर्ज हैं। कलेक्टर के इस आदेश के बाद पुलिस अब इनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेगी और आदेश का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

