कलेक्टर के निर्देश पर खनिज, राजस्व और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, वार्ड पंच की सुपुर्दगी में रखी गई जब्त रेत
साईडलुक, जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को शहपुरा तहसील के ग्राम मेरेगांव में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान लगभग 4 हजार घनमीटर अवैध रूप से भंडारित रेत को मौके पर ही जब्त कर लिया। जब्त की गई अवैध रेत की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई खनि अधिकारी ए.के. राय और एसडीएम शहपुरा मदन सिंह रघुवंशी के मार्गदर्शन में की गई। निरीक्षण के दौरान भारी मात्रा में अवैध रेत का भंडारण मिलने पर पूरी सामग्री को जब्त कर आगामी आदेश तक ग्राम मेरेगांव के वार्ड पंच ज्ञानी सिंह राजपूत की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
इस संयुक्त कार्रवाई में नायब तहसीलदार महेश सोलंकी, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट कल्याण सिंह क्षत्रि, थाना प्रभारी बेलखेड़ा धन्नू सिंह गौंड, खनि निरीक्षक विवेकानंद यादव, पटवारी दिलीप ठाकुर, होमगार्ड महेंद्र पटेल सहित पुलिस, राजस्व और खनिज विभाग का अमला मौजूद रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

