आधारताल पुलिस ने दो स्कूटी से पकड़ा 14 किलो 572 ग्राम गांजा, सतना से लाकर सिवनी में खपाने का था प्लान
साईडलुक, जबलपुर। नशा मुक्त मध्य प्रदेश अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जबलपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। आधारताल थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा के कारोबार में लिप्त एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14 किलो 572 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 7 लाख 28 हजार 600 रुपये बताई गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की दो जुपिटर स्कूटी भी जब्त की हैं।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी आधारताल विपिन ताम्रकार ने बताया कि 25 जून को करौंदा बायपास पर दाऊ मैरिज गार्डन के आगे, दिलीप ऑटो इलेक्ट्रिकल्स के पहले कटनी-जबलपुर मार्ग पर दो सिल्वर ग्रे रंग की बिना नंबर प्लेट की जुपिटर स्कूटी खड़ी थीं। प्रत्येक स्कूटी पर दो-दो लड़के बैठे थे जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। घेराबंदी कर चारों को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान सतना जिले के नगौद थाना क्षेत्र के ग्राम पुरतला निवासी 21 वर्षीय दिशांत सिंह परिहार, एक 17 साल 10 माह का विधि विवादित बालक, सिवनी जिले के केवलारी थाना क्षेत्र के ग्राम चौरापाठा निवासी 21 वर्षीय अंशुल राय और ग्राम मोहगवा निवासी 21 वर्षीय नवीन झारिया के रूप में हुई। तलाशी के दौरान एक स्कूटी से 5 किलो 260 ग्राम और 6 किलो 112 ग्राम तथा दूसरी स्कूटी से 3 किलो 200 ग्राम गांजा कॉलेज बैग और प्लास्टिक की बोरी में छिपाकर रखा मिला।
पूछताछ में दिशांत सिंह परिहार और नाबालिग ने बताया कि वे गांजा सतना जिले के नगौद थाना क्षेत्र के ग्राम अमदरी निवासी पवन बागरी से लाकर अंशुल राय और नवीन झारिया को देते थे। वहीं अंशुल और नवीन ने कबूल किया कि वे यह गांजा सिवनी में बेचने की फिराक में थे। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दीपक मंडलोई, आरक्षक दुर्गेश दुबे, शशि प्रकाश और सुरजीत सिंह की उल्लेखनीय भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि नशे के कारोबार में लिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

