डीएम पल्मोनरी के डॉ. पीयूष गोयल को मिला स्पेशल मेंशन, डॉ. कुणाल रंजन और डॉ. अनूज मोहन भी हुए उत्तीर्ण
साईडलुक, जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय जबलपुर के स्कूल ऑफ एक्सीलेंस इन पल्मोनरी मेडिसिन ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। डीएम पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के तीन चिकित्सकों ने देश की प्रतिष्ठित फेलोशिप इन स्लीप मेडिसिन (एफएसएम) परीक्षा उत्तीर्ण कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन स्लीपकॉन-2026 के दौरान संपन्न हुई इस परीक्षा में महाविद्यालय के डीएम पल्मोनरी मेडिसिन के छात्र डॉ. पीयूष गोयल, डॉ. कुणाल रंजन और डॉ. अनूज मोहन ने सफलता प्राप्त की।
इस परीक्षा में डॉ. पीयूष गोयल को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और अकादमिक श्रेष्ठता के लिए “स्पेशल मेंशन फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस एंड डिस्टिंग्विश्ड परफॉर्मेंस” सम्मान से भी नवाजा गया है। फेलोशिप इन स्लीप मेडिसिन भारत में स्लीप मेडिसिन के क्षेत्र की सर्वोच्च मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय परीक्षाओं में से एक है। इस परीक्षा का आयोजन इंडियन स्लीप डिसऑर्डर्स एसोसिएशन द्वारा किया जाता है। इस परीक्षा के माध्यम से ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया, इनसोम्निया, नार्कोलेप्सी सहित विभिन्न नींद संबंधी विकारों के निदान और प्रबंधन में विशेषज्ञता का आकलन किया जाता है। देशभर के चिकित्सा विशेषज्ञ इसे अत्यंत प्रतिष्ठित परीक्षा के रूप में मान्यता देते हैं।
तीनों चिकित्सकों की इस उपलब्धि में डीएम पल्मोनरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र आर्य के मार्गदर्शन और प्रेरणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके नेतृत्व में विभाग में अकादमिक उत्कृष्टता और शोध गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहन मिल रहा है। महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. नवनीत सक्सेना, विभागाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र आर्य तथा संकाय सदस्यों ने तीनों सफल चिकित्सकों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

