बच्चों से घास कटवाना आरटीई एक्ट का उल्लंघन, सुरक्षा में लापरवाही पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
साईडलुक, जबलपुर। तैयब अली चौक स्थित क्राइस्ट चर्च स्कूल में विगत दिवस एक बच्चे को सांप काटने की घटना को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विद्यालय परिसर में प्रदर्शन करते हुए गहरा रोष व्यक्त किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
छात्रनेता अनुराग शुक्ला और शफी खान ने कहा कि स्कूल में शिक्षकों द्वारा मासूम बच्चों से घास कटवाई जा रही थी जो आरटीई एक्ट 2009 का खुला उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जहरीले सांप-कीड़ों का खतरा जानते हुए भी बच्चों को बिना सुरक्षा उपकरण के झाड़ियों में भेजना आपराधिक लापरवाही है और विद्यालय प्रबंधन ने बच्चे की जान जोखिम में डाली है। छात्रनेताओं ने कहा कि विद्यालय जैसी संवेदनशील जगह पर इस प्रकार की घटना अत्यंत गंभीर है और विद्यार्थियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
एनएसयूआई ने मांग की कि स्कूल परिसर की नियमित साफ-सफाई कराई जाए, झाड़ियों एवं अन्य जोखिम वाले स्थानों को तत्काल हटाया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी विद्यालय प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश सचिव एजाज अंसारी, अंकित शुक्ला, अंकित कोरी, वकार खान, ऐश्वर्या नाहिर, पुष्पराज सिंह राजपूत, युग ठाकुर, ऋषि यादव, निखिल बंशकार, आर्यन चौधरी, अनिकेत तिवारी, करण अंबाला सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता तथा अभिभावक उपस्थित थे।


