खिलाड़ियों के चयन में पारदर्शिता बढ़ाने की पहल, दो साल पहले वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य, सभी राज्य संघों को भी भेजनी होगी जानकारी
साईडलुक, (सत्यजीत यादव)। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल संघों को लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक खेलों के लिए एथलीटों के चयन हेतु अपनाए जाने वाले मानदंडों और प्रक्रिया सहित ओलंपिक योग्यता और चयन विधि 15 जुलाई 2026 से पहले अपनी आधिकारिक वेबसाइटों पर प्रकाशित करने का निर्देश दिया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इस पहल का उद्देश्य खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देना है।
खेल मंत्रालय ने दोहराया है कि ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई खेल, पैरा एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों जैसे बड़े खेल आयोजनों के लिए चयन नीति और मानदंड को अच्छी तरह से प्रचारित किया जाना चाहिए और संबंधित खेलों के प्रारंभ होने से कम से कम दो साल पहले संबंधित एनएसएफ की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जाना चाहिए। चयन नीति और मानदंड को राष्ट्रीय खेल संघों की सदस्य इकाइयों और भारतीय खेल प्राधिकरण के साथ भी साझा किया जाना चाहिए।
लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक खेल 14 जुलाई से 30 जुलाई 2028 तक आयोजित होने वाले हैं। मंत्रालय ने सूचित किया है कि लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक खेलों के लिए योग्यता प्रक्रिया संबंधित अंतर्राष्ट्रीय महासंघों द्वारा जारी कर दी गई है, जो ओलंपिक की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। तदनुसार सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल संघों से अनुरोध किया गया है कि वे ओलंपिक योग्यता और चयन विधि को अपनी आधिकारिक वेबसाइटों पर तुरंत प्रकाशित करें।
एनएसएफ को सभी संबद्ध राज्य और केंद्र शासित प्रदेश संघों के बीच चयन प्रक्रिया का प्रसार करने के लिए भी कहा गया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना है कि खेलों के लिए योग्यता विधि, चयन मानदंड और चयन प्रक्रिया सभी हितधारकों के लाभ के लिए काफी पहले सार्वजनिक रूप से उपलब्ध करा दी जाए।
ओलंपिक की आधिकारिक वेबसाइट: https://www.olympics.com/ioc/documents/olympic-games/los-angeles-2028-olympic-games

