एक साल में 1953 फूड बास्केट का वितरण, 400 जरूरतमंद क्षय रोगियों को पोषण आहार देकर मेडिकल कॉलेज में बोले महाप्रबंधक रामेश्वर मीना, लक्ष्य पूरा होने तक जारी रहेगा सहयोग
साईडलुक, जबलपुर। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम को जबलपुर में बड़ी ताकत मिली है। व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर के सहयोग से जिले के 400 जरूरतमंद क्षय रोगियों को पोषण आहार से भरी फूड बास्केट प्रदान की गई है। यह वितरण शासकीय चिकित्सालय रांझी, केंट चिकित्सालय, जिला चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से किया गया। गुरुवार 23 जुलाई को मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर के महाप्रबंधक रामेश्वर मीना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
जिले की सातों अर्बन ट्यूबरकुलोसिस यूनिट के मरीजों को इस अभियान में शामिल किया गया है। जिला क्षय केंद्र, मेडिकल कॉलेज टीयू, कैंट टीयू, रांझी टीयू, मनमोहन नगर टीयू, मोतीनाला टीयू और हाथीताल टीयू में उपचाररत जरूरतमंद मरीजों को चिन्हित कर पोषण आहार किट सौंपी गई। अधिकारियों ने बताया कि टीबी के उपचार में दवा के साथ साथ संतुलित पोषण की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है और इसी को ध्यान में रखते हुए यह पहल की जा रही है।
व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर पिछले कई वर्षों से राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा रही है। कार्पोरेट सामाजिक दायित्व और मानवीय संवेदना का उदाहरण पेश करते हुए फैक्ट्री ने विगत वर्ष से लेकर अब तक जिले में कुल 1953 फूड बास्केट वितरित किए हैं। इस निरंतर सहयोग से सैकड़ों टीबी मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक पोषण सहायता मिल रही है जिससे उनके स्वस्थ होने की गति तेज हुई है और उपचार छोड़ने की दर में भी कमी आई है।
मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक रामेश्वर मीना ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि यह पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर भविष्य में भी क्षय रोगियों के लिए हरसंभव सहयोग जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि जब तक देश टीबी मुक्त नहीं हो जाता तब तक सामाजिक सहभागिता और संस्थागत सहयोग इसी तरह बना रहना चाहिए।
इस अवसर पर जिला क्षय अधिकारी डॉक्टर संतोष ठाकुर, अमित दुबे, जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील, विभिन्न टीयू के प्रभारी अधिकारी और जिला क्षय उन्मूलन इकाई के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक सीमांत ढिमोले और व्हीकल फैक्ट्री के अमित सिंह ने किया। कार्यक्रम के समापन पर कार्यक्रम समन्वयक सुनील शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निक्षय मित्र योजना के माध्यम से जनसहयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है और व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर इस अभियान की सबसे मजबूत निक्षय मित्र इकाई के रूप में उभर कर सामने आई है।

