जिला स्तरीय पर्यटन क्विज 7 अगस्त को होगी आयोजित, विजेता टीमों को मिलेगा एमपी टूरिज्म के होटलों में ठहरने का शानदार पुरस्कार
साईडलुक, जबलपुर। मध्यप्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विविधता और पर्यटन की असीम संभावनाओं से स्कूली विद्यार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही जिला स्तरीय पर्यटन क्विज 2026 के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि नजदीक आ गई है। इच्छुक विद्यार्थी शनिवार 25 जुलाई की शाम साढ़े पांच बजे तक ऑनलाइन माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते हैं।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा जिला प्रशासन, जबलपुर पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद यानि जेएटीसीसी और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त सहयोग से इस ज्ञानवर्धक प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 7 अगस्त को किया जाएगा। इस क्विज के लिए पंजीयन की प्रक्रिया 1 जुलाई से प्रारंभ हुई थी और अब तक जिले भर के विद्यालयों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है।
जेएटीसीसी के सीईओ पीयूष दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि जबलपुर के छात्र-छात्राओं में पर्यटन के प्रति गहरी अभिरुचि देखने को मिल रही है। यही कारण है कि इस वर्ष पर्यटन क्विज के लिए अभी तक पंजीयन की संख्या पिछले वर्ष के आंकड़े को भी पार कर गई है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में शासकीय और अशासकीय दोनों प्रकार के विद्यालयों के कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं और प्रत्येक विद्यालय से तीन श्रेष्ठ विद्यार्थियों की एक टीम का गठन किया जाएगा।
प्रतियोगिता को लेकर पुरस्कारों की भी आकर्षक व्यवस्था की गई है। जिला स्तरीय पर्यटन क्विज में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाली विजेता टीमों को मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के होटलों में दो रात्रि और तीन दिन ठहरने का विशेष अवसर प्रदान किया जाएगा, जबकि तीन उपविजेता टीमों को एक रात्रि और दो दिन ठहरने की सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और आकर्षक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

