कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर चल रहा है विशेष अभियान, दूध-पनीर से लेकर दाल-चावल तक के 12 से अधिक नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे गए
साईडलुक, जबलपुर। जिले में मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों पर नकेल कसने के लिए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों पर सघन निरीक्षण की कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान टीम ने खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर उन्हें परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अभियान के पहले चरण में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने करोंदानाला क्षेत्र में स्थित डेयरी प्लांट नर्मदा अमृत फूड प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण पूर्व में प्राप्त हुई शिकायतों के आधार पर किया गया था। टीम ने मौके पर फैक्ट्री में निर्मित हो रहे दूध, पनीर, दही और घी जैसे दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता का जायजा लिया और संदेह के आधार पर इन उत्पादों के नमूने जांच के लिए अपने कब्जे में लिए। अधिकारियों ने उत्पादन स्थल पर स्वच्छता और भंडारण व्यवस्था की भी जांच की।
इसी दिन चलाए गए अभियान के दूसरे चरण में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जबलपुर की छठवीं बटालियन के हॉस्टल का भी औचक निरीक्षण किया। यहां हॉस्टल के मेस में उपयोग किए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्राप्त शिकायत के बाद टीम ने कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान टीम ने कच्ची सामग्री के रूप में रखी गई दाल, चावल और मसालों के साथ-साथ मेस में पकी हुई दाल और कढ़ी सहित कुल आठ अलग-अलग नमूने जांच के लिए एकत्र किए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों स्थानों से लिए गए सभी नमूनों को नियमानुसार सील कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अग्रिम वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर के निर्देश के बाद जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि आम नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित भोजन मिल सके।

