कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने नगर पालिका में ली संयुक्त समीक्षा बैठक, लापरवाही पर सख्त कार्यवाही के दिए संकेत
साईडलुक, जबलपुर। पनागर क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति को परखने और शासन की मंशा के अनुरूप उन्हें धरातल पर उतारने के उद्देश्य से कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में पनागर नगर पालिका सभागार में एक महत्वपूर्ण संयुक्त समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी सहित अन्य सम्बद्ध विभागों के कार्यों की बिंदुवार और गहन समीक्षा की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत, एसडीएम अभिषेक सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय और फील्ड स्तर के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री सिंह ने सबसे पहले शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए विद्यालयों में बच्चों के नामांकन की स्थिति, शैक्षणिक गुणवत्ता, अपार आईडी के निर्माण कार्य, पाठ्यपुस्तक वितरण और साइकिल वितरण की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण समय पर हर हाल में पूरा किया जाए ताकि पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने आउट ऑफ स्कूल बच्चों को चिह्नित कर उनका शीघ्र विद्यालयों में प्रवेश कराने और जनशिक्षकों द्वारा स्कूलों का नियमित और प्रभावी निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
चाइल्ड ट्रैकिंग सर्वे की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सर्वे के दौरान पलायन करने वाले परिवारों की सूची तैयार कर उनका भौतिक सत्यापन किया जाए ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग के बीच आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया, जिससे आंगनबाड़ी केंद्रों से प्राथमिक शालाओं में प्रवेश लेने वाले बच्चों की सतत निगरानी और ट्रैकिंग सुनिश्चित हो सके।
स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ग्रामवार एएनसी रजिस्ट्रेशन और उसके नियमित फॉलोअप को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनीमिया से पीड़ित महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने, सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का समय पर संचालन करने और बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री बाल आरोग्य कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन और आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रगति का भी जायजा लिया और इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए।
कृषि और सम्बद्ध विभागों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान की प्रगति जानी, ई-विकास पोर्टल के माध्यम से खाद वितरण की व्यवस्था की समीक्षा की और उद्यानिकी विभाग की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना के क्रियान्वयन की स्थिति पर चर्चा की। इस दौरान खाद और बीज की गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित सभी स्वरोजगार योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने पनागर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि आमजन को मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

