बांध का जल स्तर 413.75 मीटर पर पहुंचा, दाईं तट नहर से 15 क्यूमेक पानी छोड़ा गया, जबलपुर-पनागर-सिहोरा के किसानों को मिलेगा लाभ
साईडलुक, जबलपुर। जिले में अच्छी बारिश और नर्मदा के बढ़ते जलस्तर के बीच कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने आज बरगी बांध का औचक निरीक्षण कर वहां जल भराव की स्थिति और नहरों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बांध के कंट्रोल रूम में पहुंचकर वर्तमान जल स्तर और जल निकासी की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
संबंधित अधिकारियों ने कलेक्टर को जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में बरगी डैम का जल स्तर 413.75 मीटर तक पहुंच चुका है, जो इस सीजन के लिहाज से संतोषजनक माना जा रहा है। जल स्तर की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है और सुरक्षा के सभी मानकों का पालन किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने बरगी बांध की दाईं तट नहर का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि रबी सीजन को देखते हुए सिंचाई के लिए वर्तमान में नहर में 15 क्यूमेक पानी प्रवाहित किया जा रहा है। दाईं तट नहर में शुरुआत से लेकर 6.94 किलोमीटर तक पानी के बहाव में किसी भी प्रकार का कोई अवरोध नहीं है और पानी सुचारू रूप से आगे बढ़ रहा है। यह पानी जबलपुर, पनागर और सिहोरा क्षेत्र तक पहुंचेगा, जिससे इन क्षेत्रों के किसानों को सिंचाई के लिए सीधा लाभ मिलेगा।
कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नहरों में पानी के प्रवाह की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और नहरों की सफाई तथा रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि किसानों तक पानी की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के पहुंचती रहे। उन्होंने कहा कि नहरों में कहीं भी सिल्ट या अवरोध की स्थिति न बने, इसके लिए फील्ड अमले को सक्रिय रखा जाए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत, एसडीएम अभिषेक सिंह तथा जल संसाधन विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


