हर घर तिरंगा अभियान के तहत कलेक्टर कार्यालय से हाईकोर्ट तक निकली रैली, छात्राध्यापकों ने हाथों में तिरंगा लेकर दिया एकता का संदेश, वंदे मातरम के जयघोष के साथ हुआ समापन
साईडलुक, जबलपुर। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व पूरे देश में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के उत्साह के बीच मंगलवार को प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान जबलपुर द्वारा एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। सुबह सर्व धर्म प्रार्थना सभा के बाद संस्थान परिसर से यह यात्रा अनुशासित और पंक्तिबद्ध रूप में निकली, जिसमें शिक्षकों और छात्राध्यापकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों के साथ निकली इस यात्रा ने शहरवासियों में राष्ट्रप्रेम की नई ऊर्जा भर दी।
संस्थान से शुरू हुई यह तिरंगा यात्रा कलेक्टर कार्यालय, हाईकोर्ट, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण कार्यालय, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान और शिक्षा मनोविज्ञान एवं संदर्शन महाविद्यालय से होते हुए वापस संस्थान परिसर पहुंची। पूरे रास्ते छात्राध्यापकों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के गगनभेदी नारे लगाए। यात्रा के दौरान लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत भी किया। इस दौरान छात्राध्यापकों ने राष्ट्रभक्ति और तिरंगा अभियान से संबंधित आकर्षक पोस्टर भी तैयार किए थे, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
यात्रा के समापन पर संस्थान परिसर में सभी को राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। छात्राध्यापकों ने संस्कृति मंत्रालय की वेबसाइट पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड की और अपने समूहों में इसे प्रसारित कर हर घर तिरंगा अभियान से अपना जुड़ाव प्रदर्शित किया। समापन वंदे मातरम के सामूहिक जयघोष के साथ हुआ।
इस अवसर पर संस्थान की प्राचार्य श्रीमती एफ इक्का के नेतृत्व में डॉ. प्रमोद श्रीवास्तव, संजीव अग्रवाल, श्रीमती ज्योत्सना दुबे, श्रीमती ललिता सप्रे, श्रीमती अर्चना दुबे, डॉ. ज्योति खरे, डॉ. आर एन पटेल, डॉ. राजकुमारी दुबे, सुश्री रीनू मोर, विनोद कुमार घोषी, के एन पटेरिया, श्रीमती मेघना सिंह, श्रीमती अल्पना खरे, विनीत सिंह चौहान, शेख मुनीर और डॉ. सारिका चौकसे सहित समस्त शिक्षक समूह मौजूद रहा। छात्राध्यापक समूह से प्रदीप कुमार तिवारी, निधि दुबे, भाग्यश्री, छवि त्रिपाठी, अनुज जैन, मनीष जैन, प्रीति जैन, कविता शरणागत, राकेश विश्वकर्मा, विमल कुमार त्रिपाठी, योगेंद्र मिश्रा, रामरतन जंघेला, रश्मि खरे, सपना मिश्रा, राजेंद्र कोल और भानु मराठी सहित बड़ी संख्या में छात्राध्यापक शामिल हुए।

